Sonia Gandhi Interrogation: सोनिया से ED की पूछताछ के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

0
64

नई दिल्ली। Sonia Gandhi Interrogation:  कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में ईडी पूछताछ कर रही है। सोनिया गांधी ईडी अधिकारियों के सामने अपने बयान दर्ज करा सकती हैं। इससे पहले बीते गुरुवार को भी सोनिया गांधी से पूछताछ की गई थी। पहले दौर की ये पूछताछ दो घंटे तक चली थी।

CM Meets Manohar joshi: मानसखण्ड मंदिर माला मिशन पर लिया मार्गदर्शन

28 प्रश्नों के दिए थे जवाब

पहले दौर की पूछताछ में उन्होंने जांच अधिकारियों के 28 प्रश्नों के उत्तर दिए थे। अधिकारियों ने बताया कि पहले दौर की तरह मंगलवार को होने वाली पूछताछ के दौरान भी कोरोना प्रोटोकाल का पूरी तरह पालन किया जाएगा। ईडी कार्यालय में डाक्टर मौजूद रहेंगे और एंबुलेंस भी तैनात रखी जाएगी। सोनिया के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी भी ईडी कार्यालय पहुंच सकते हैं।

12:35 PM, 26 Jul 2022
हिरासत में लिए गए राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। राहुल गांधी विजय चौक पर धरने पर बैठे थे।

12:29 PM, 26 Jul 2022
हमें अनुमति नहीं दी गई- दीपेंद्र हुड्डा

कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने कहा, हमने मांग की थी कि संसद में महंगाई, बेरोजगारी, अग्निपथ और एजेंसियों के दुरुपयोग पर चर्चा हो। सरकार ने इसे खारिज कर दिया। हमने कहा कि हम इस पर राजघाट पर विरोध प्रदर्शन करेंगे, लेकिन अनुमति नहीं दी गई। हमने कहा था कि हम राष्ट्रपति को ज्ञापन देंगे। उन्होंने अनुमति नहीं दी।

12:26 PM, 26 Jul 2022
धरने पर बैठे राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी विजय चौक पर धरने पर बैठ गए हैं। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के कई सांसदों को हिरासत में लिया है।

12:23 PM, 26 Jul 2022
बिहार में भी प्रदर्शन

सोनिया गांधी से पूछताछ के विरोध (Sonia Gandhi Interrogation) में बिहार में भी प्रदर्शन हो रहा है। बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

12:19 PM, 26 Jul 2022
विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश- कांग्रेस

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम पुलिस के निर्देश पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। यह सब विपक्ष को पूरी तरह से नष्ट करने और हमारी आवाज दबाने के लिए पीएम मोदी और अमित शाह की साजिश है। हम नहीं डरेंगे, हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

12:16 PM, 26 Jul 2022
हिरासत में कांग्रेस नेता

विजय चौक तक मार्च कर रहे कांग्रेस नेताओं और सांसदों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। रंजीत रंजन, केसी वेणुगोपाल, मनिकम टैगोर, इमरान प्रतापगढ़ी, के सुरेश और अन्य को हिरासत में लिया गया है।

11:59 AM, 26 Jul 2022
कांग्रेस सांसदों ने निकाला मार्च

नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के विरोध में कांग्रेस सांसदों ने संसद परिसर में गांधी प्रतिमा से विजय चौक की ओर मार्च किया। विरोध मार्च में राहुल गांधी भी शामिल हुए।

11:48 AM, 26 Jul 2022
कांग्रेस सांसदों का मार्च

कांग्रेस कई जगहों पर सत्याग्रह कर रही है। कांग्रेस सांसद संसद से राष्ट्रपति भवन तक मार्च कर रही है। सोनिया की पेशी के विरोध में ये मार्च निकाला जा रहा है।

11:28 AM, 26 Jul 2022
अशोक गहलोत का भाजपा पर हमला

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आज कांग्रेस का राजघाट पर धरना प्रदर्शन था। भाजपा के लोग होते तो वे आगजनी करते, हम तो शांतिपूर्ण विरोध कर रहे हैं। आज अगर वहां प्रदर्शन होता तो ट्रैफिक में कोई बाधा नहीं आती। हमारी पार्टी मुख्यालय के अंदर एंट्री बंद है। उन्होंने आगे कहा कि देश का हर नागरिक डरा हुआ है। बार-बार सोनिया जी को बुलाना… क्या पूछताछ करते हैं? इन्हें क्यों टारगेट बना रहे हैं।

11:21 AM, 26 Jul 2022
विपक्षी नेताओं को परेशान किया जा रहा- कांग्रेस

कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने कहा कि वे विपक्षी नेताओं को परेशान करने की कोशिश कर रहे हैं, हम इससे लड़ेंगे। हम सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ हैं। आप हमें अब और परेशान नहीं कर सकते।

10:05 AM, 26 Jul 2022

विपक्ष के पास मुद्दों की कमी- पात्रा

संबित पात्रा ने कि विपक्ष के पास आज मुद्दों की कमी है। मोदी जी की फोटो और वीडियो को जोड़-तोड़ कर जिस प्रकार से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता सोशल मीडिया पर प्रस्तुत कर रहे हैं कि देखिए मोदी जी ने पूर्व राष्ट्रपति को सम्मान नहीं दिया, आज ये विपक्ष के पास मुद्दों की कमी के कारण ये नतीजा है।

09:51 AM, 26 Jul 2022
कांग्रेस सत्याग्रह का ड्रामा कर रही है- संबित पात्रा

भाजपा नेता संबित पात्रा ने कहा कि जिस प्रकार का माहौल कांग्रेस पार्टी इस पूरे विषय को लेकर माहौल बना रही है वह भी पूरा देश देख रहा है। सत्याग्रह का जो ड्रामा कांग्रेस कर रही है यह भी पूरा देश देख रहा है।

09:24 AM, 26 Jul 2022
ईडी दफ्तर जा सकते हैं प्रियंका, राहुल गांधी

सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी ईडी के दफ्तर जा सकते हैं। पिछले हफ्ते ईडी के दफ्तर में सोनिया गांधी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा भी साथ थीं।

09:23 AM, 26 Jul 2022
कांग्रेस ने की निंदा

कांग्रेस ने अपने शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ ईडी की कार्रवाई (Sonia Gandhi Interrogation) की निंदा की है। कांग्रेस ने ईडी की इस पूछताछ को राजनीतिक बदले की भावना से उठाया गया कदम करार दिया है।

08:49 AM, 26 Jul 2022
10 जनपथ के बाहर पुलिस बल तैनात

नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी आज ईडी के सामने पेश होने वाली हैं। सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

Death Threat: कटरीना और विक्की को जान से मारने की धमकी